उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के सुनहेरा गांव में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का विरोध करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। थार में सवार कुछ युवकों ने विरोध कर रहे चार लोगों को गाड़ी से कुचल दिया, जिससे एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी दल-बल के साथ गांव में पहुंचे। घटना के बाद स्थिति को सामान्य करने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई।
